छत्तीसगढ़

CG Election 2023: दुर्ग संभाग की 20 विधानसभा सीट में से 19 पर है कांग्रेस का कब्जा, भाजपा के पास केवल रमन की सीट

दुर्ग संभाग में 20 विधानसभा सीटें हैं। वर्ष 2018 में हुए चुनाव में इनमें से 18 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा रहा। राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह और खैरागढ़ से जनता कांग्रेस की टिकट पर देवव्रत सिंह ने जीत दर्ज की थी। देवव्रत सिंह के निधन के बाद हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा चुनाव जीती गई। इस तरह संभाग की 20 में से 19 सीट कांग्रेस के कब्जे में चली गई। दुर्ग संभाग से ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन से विधायक है।

चर्चा है कि वह इस बार खैरागढ़ से भी चुनाव लड़ सकते हैं। दो विधानसभा से चुनाव लड़ने के संबंध में बताया जा रहा है कि वे चाहते हैं कि किसी भी कीमत में विधानसभा पहुंचे। खैरागढ़ से चुनाव के लिए दावेदारी करने पहुंचे नेताओं से कहा गया कि वे मुख्यमंत्री के लिए तैयारी करें। इस तरह से दुर्ग संभाग हाई प्रोफाइल रहेगा। भाजपा की पहली सूची में पाटन से दुर्ग सांसद विजय बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है।

दुर्ग संभाग के पाटन विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार दो बार के विधायक हैं। इसी तरह दुर्ग शहर से अरुण वोरा भी लगातार दोबारा चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। संभाग की दो सीट कवर्धा और साजा से क्रमशः मोहम्मद अकबर और रविंद्र चौबे चुनाव जीते हैं । दोनों ही केबिनेट मंत्री है। यह दोनों ही विधानसभा क्षेत्र इस समय संवेदनशील माना जा रहा है। यहां पर दो बार कर्फ्यू लग चुका है।

भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र भी हाई प्रोफाइल रहा है। यहां से हर बार चेहरा बदलता रहा है। वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के युवा चेहरा देवेंद्र यादव ने पूर्व मंत्री व भाजपा के कद्दावर नेता प्रेम प्रकाश पांडेय को पटखनी दी थी। यहां पर यह परंपरा चली आ रही है कि लगातार कोई भी विधायक नहीं बन पाया है।

  • rammandir-ramlala

Related Articles

Back to top button