बसना।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बंसुला में 14 नवंबर 2026 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता से आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर नृत्य, भाषण, कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित किया गया।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं की ओर से सभी बालिकाओं को मिष्ठान एवं सहायक शिक्षण सामग्री वितरित की गई। साथ ही छात्राओं के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। इससे बालिकाओं में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाएं श्रीमती सविता कुमार, श्रीमती किरण मलिक, श्रीमती संतोषी साहू एवं श्रीमती राम साहू सहित समस्त गैर-शैक्षणिक स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती गीतांजलि नाग ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। आज के विद्यार्थी ही कल समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की इच्छा थी कि देश का प्रत्येक बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़े तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम रोशन करे।
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश के महापुरुषों, संतों एवं विद्वानों के बताए मार्ग पर चलें तथा अपने माता-पिता, समाज और विद्यालय का गौरव बढ़ाएं। सभी छात्राएं मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करें, अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहें।
अंत में अधीक्षिका श्रीमती गीतांजलि नाग ने बाल दिवस के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
बाल दिवस का यह आयोजन छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सुंदर एवं यादगार पहल साबित हुआ।






