छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के विवादित बयान को लेकर उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत की थी। दरअसल, महंत ने राजनांदगांव में आयोजित भूपेश बघेल की नामांकन रैली में कहा था कि पीएम मोदी का मूड़ (सिर) फोड़ने वाला आदमी चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजनांदगांव के निर्देश पर SDM अतुल विश्वकर्मा ने कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई है। इसमें महंत के छत्तीसगढ़ी में दिए बयान को आधार बनाया गया है। साथ ही कार्रवाई करने की बात कही गई है।

जानिए क्या है पूरा विवाद…
दरअसल, राजनांदगांव में मंगलवार (2 अप्रैल) को भूपेश बघेल के नामांकन के दौरान महंत ने विरोधियों पर निशाना साधा था। जनसभा में महंत ने कहा था, हमें नरेंद्र मोदी का मूड़ (सिर) फोड़ने वाला आदमी चाहिए। रात-दिन तंग करके चीन भेजने वाला आदमी चाहिए। एक संरक्षक चाहिए, अच्छा लाठी धर कर मारने वाला।
वहीं उन्होंने उद्योगपतियों को लेकर कहा कि, नवीन जिंदल ने रायगढ़ और पूरी खदानों को लूट लिया। इन लोगों ने हम छत्तीसगढ़ियों की ऐसी की तैसी की है। हमने ही इन्हें सिर पर चढ़ाकर रखा था। हमें कहने में शर्म नहीं है कि ऐसे लोगों को तो हमें जूते मारने चाहिए।





