बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल ने आपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्री सामान चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने विशेष अभियान चला रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत आरपीएफ एवं इतवारी शासकीय रेल पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल 26 मार्च 55189 इतवारी-छिंदवाड़ा पैसेंजर मेंएक यात्री के बैग से 2,44,700 रुपये कीमत सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। यात्री ने इस संबंध में इतवारी जीआरपी थाने रिपोर्ट दर्ज कराई। 16 फरवरी को भी 58206 इतवारी-रायपुर पैसेंजर में भी एक यात्री के 2,20,853 रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने पर जीआरपी इतवारी में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त टास्क टीम व डिकाय टीमों का गठन किया। इसके साथ ही अपराध गुप्तचर शाखा द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त निगरानी कर आरोपितों की तलाश की जा रही थी। शनिवार को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर टास्क टीम एवं जीआरपी द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन क्रमांक 58206 में तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया।
ऐसे अपराध को देते हैं अंजाम
यह गिरोह मुख्यतः पैसेंजर ट्रेनों में ऊपरी बर्थ पर रखे बैग एवं सूटकेस को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य अखबार फैलाकर या बैग की आड़ में चेन खोलकर अंदर रखे कीमती सामान चोरी कर लेते हैं और पुनः चेन बंद कर देते हैं, जिससे यात्रियों को तत्काल चोरी का आभास नहीं होता।
भिलाई में रहकर संचालित कर रहा गिरोह
गिरोह का संचालक बिहार के खगड़िया क्षेत्र का निवासी है, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई में रहकर गिरोह संचालित करता है। बेरोजगार युवकों को लालच देकर इस अपराध में शामिल करता है। पीड़ितों की पहचान के आधार पर उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपितों ने स्वयं को अंतर्राज्यीय खगड़िया पेपर गैंग का सदस्य स्वीकार किया।

