पहले चरण में 26 लाख रुपये से शुरू हुआ सौंदर्यीकरण और विकास कार्य
बिलासपुर 2 जून 2026 /अमरकंटक मार्ग स्थित प्रसिद्ध स्मृति वाटिका को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में कार्य प्रारंभ हो गया है। वन विभाग द्वारा पहले चरण में 26 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर वाटिका के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन का काम शुरू किया गया है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही यह वाटिका अब पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। जानकारी के अनुसार, वाटिका के जर्जर हो चुके प्रवेश द्वार का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही परिसर में नए पौधों का रोपण, हरियाली बढ़ाने के लिए घास लगाना तथा साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। पहले बनाए गए सजावटी ढांचों और प्रतिमाओं की मरम्मत भी की जा रही है ताकि पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
पर्यटकों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
वन विभाग की योजना के तहत स्मृति वाटिका में भविष्य में पार्क, पैगोडा, पिकनिक स्पॉट, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र तथा विश्राम सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे परिवारों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को एक ही स्थान पर प्रकृति के बीच मनोरंजन और अवकाश बिताने का अवसर मिलेगा।
पानी और रखरखाव बड़ी चुनौती
करीब 25 से 30 एकड़ क्षेत्र में फैली स्मृति वाटिका की सबसे बड़ी समस्या सिंचाई व्यवस्था और रखरखाव को लेकर रही है। बड़ी संख्या में लगे पौधों और पेड़ों के संरक्षण के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करना चुनौती बना हुआ है। वर्तमान में सीमित संसाधनों के बावजूद कर्मचारियों द्वारा परिसर के रखरखाव का कार्य किया जा रहा है।
चरणबद्ध तरीके से होगा विकास
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्वीकृत बजट से आवश्यक मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। आगामी चरणों में अतिरिक्त बजट मिलने पर पर्यटक सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य स्मृति वाटिका को ऐसा विकसित करना है कि यह बिलासपुर आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र बन सके। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य पूरे किए गए तो स्मृति वाटिका न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को भी नई दिशा देगी।

संवारा गया है पुराना गेंट
स्मृति वाटिका में पुराने गेट को रंग रोगन व अन्य कार्य करने के बाद संवारा गया है। वहीं दो पैगोड़ा, नए घास लगान का काम किया जा रहा है। यहां साफ सफाई व रंग रोगन क कार्य कराया गया है। वर्तमान में यह सारे कार्य के लिए 26 लाख रुपए की राशि सेंक्शन हुए हैं। आगे जिस तरह से बजट प्राप्त होगा, उस तरह से काम भी कराया जाएगा ताकि यहां सैलानियों की संख्या बढ़ सके।
अनिमेश सिंह रेंजर,
तखतपुर रेंज वन विभाग





