महासमुंद 7 जून 2026/ खबर के मुताबिक जिस पिकअप वाहन में ऊपर से सिर्फ कटहल दिखाई दे रहे थे, उसके नीचे 125.700 किलो गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन महासमुंद पुलिस की सटीक सूचना और मुस्तैद कार्रवाई ने तस्करों का पूरा खेल बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया। ओडिशा से प्रयागराज तक फैले इस तस्करी रूट का खुलासा रविवार को उस समय हुआ जब थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के रेहटीखोल अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 को रोककर जांच की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई चेकिंग के दौरान वाहन में रखे कटहल को हटाकर देखा गया तो नीचे चार प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), पिता राम लखन गौतम, निवासी करछना थाना करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया, जबकि उसके साथ बैठे युवक ने खुद को लवकुश गौतम (22 वर्ष), पिता इंद्रजीत गौतम, निवासी बारा थाना बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला बताया। दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लेकर प्रयागराज पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62.85 लाख रुपये कीमत का गांजा, 8 लाख रुपये कीमत का टाटा माजदा पिकअप वाहन और 8 हजार रुपये कीमत का मोबाइल जब्त किया। कुल 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। बहरहाल, एम्बुलेंस से लेकर कटहल तक तस्करों के बदलते हथकंडों के बीच महासमुंद पुलिस का संदेश साफ है—नशे की खेप चाहे किसी भी रूप में छिपाई जाए, कानून की नजर से बच पाना अब आसान नहीं है।






