सारंगढ़ बिलाईगढ़/भटगांव -26 नवंबर 2026/ प्रदेश में एक के बाद एक तूफान और बेमौसम खराब मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हो रही हैं, कई किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद की कगार पर है। किसान अपनी आंखों के सामने फसल को तबाह होते देख रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक राहत और भरोसे का ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहा है।
खेती में बीज, खाद, दवाई, मजदूरी और सिंचाई पर किसान अपनी जमा पूंजी लगा चुका है। फसल बर्बाद होने का मतलब सिर्फ खेत में नुकसान नहीं, बल्कि परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, कर्ज की अदायगी और अगली फसल की तैयारी पर संकट है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवेश दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान हितैषी घोषणाएं तब तक खोखली हैं, जब तक संकट में पड़े किसान को उसके खेत में वास्तविक राहत नहीं मिलती। किसानों को भाषण, आश्वासन और कागजी सर्वे नहीं, बल्कि समय पर मुआवजा और आर्थिक सहायता चाहिए। उन्होंने मांग की है कि फसल नुकसान का सर्वे कर तत्काल मुआवजा दे, किसानों का कर्ज माफ करे और अगली फसल के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करे।





