बिलासपुर 4 जून 2026/ चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी स्थित एक सूने फॉर्म हाउस में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 7 लाख रुपए मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और धार्मिक मूर्तियां चोरी कर लीं। वारदात के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए घर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, महाराणा प्रताप चौक स्थित हर्ष आशियाना ग्रीन पार्क निवासी संगीता जैन का ग्राम लिमतरी में जैन ऑर्गेनिक फॉर्म हाउस और मकान है। पति प्रमोद जैन के निधन के बाद वह शहर में रहती हैं और प्रतिदिन फॉर्म हाउस की देखरेख के लिए वहां जाती हैं। फॉर्म हाउस में नकदी और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। आरोपियों ने अलमारी को कटर से काटकर लॉकर में रखे 1.50 लाख रुपए नकद, करीब 2 तोला सोने की मूर्ति, सोने की अंगूठी, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, चांदी का लोटा और लगभग 200 ग्राम चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 7 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मंगलवार सुबह जब संगीता जैन फॉर्म हाउस पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने घर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए थे। हालांकि कैमरा तोड़ने से पहले कुछ गतिविधियां रिकॉर्ड होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब फॉर्म हाउस और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही लिमतरी गांव के प्रवेश मार्गों पर लगे कैमरों के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार, जिले में पिछले कुछ वर्षों से सूने मकानों और फॉर्म हाउसों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





