छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

टोकन लिमिट की मार से भड़के किसान: कोसीर में चक्का जाम, विधायक उत्तरी जांगड़े बोलीं—जरूरत पड़ी तो मैं भी आंदोलन में उतरूंगी

 सारंगढ़- बिलाईगढ़ 5 दिसंबर 2025/सेवा सहकारी समिति कोसीर के उप धान खरीदी केंद्र में टोकन कटने में आ रही दिक्कतों ने शनिवार को बड़े विवाद का रूप ले लिया। सैकड़ों किसान सिस्टम की लिमिट और टोकन देरी से नाराज होकर पहले कोसीर–सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्का जाम के लिए बैठ गए। सूचना मिलते ही कोसीर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश देकर शांत कराया, जिसके बाद सभी किसान खरीदी केंद्र में लौटे।

इसी दौरान सारंगढ़ विधायक  उत्तरी जांगड़े भी किसानों के समर्थन में पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को सभी किसानों के टोकन तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। लेकिन कर्मचारियों ने सिस्टम लिमिट का हवाला देते हुए एक साथ सभी टोकन जारी करने में असमर्थता जताई।

स्थिति तनावपूर्ण होती देख विधायक प्रतिनिधि गणपत जांगड़े ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर तत्काल समाधान की मांग की। बातचीत के बाद कर्मचारियों ने टोकन काटने की प्रक्रिया शुरू की।

इसके बावजूद किसानों ने कड़ा रुख दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक ऑनलाइन टोकन लिमिट और खरीदी सीमा नहीं बढ़ाई गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी किसानों की समस्याओं को जायज बताते हुए कहा कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे स्वयं किसानों के साथ सड़क पर उतरेंगी।

उन्होंने शासन–प्रशासन की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि किसान मेहनत की फसल बेचने के लिए भटक रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर ऑफलाइन व ऑनलाइन टोकन लिमिट बढ़ाने और धान खरीदी सीमा में तत्काल वृद्धि की मांग की है।

किसानों का साफ कहना है कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी, तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!