छत्तीसगढ़बिलासपुर

बारातियों को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा: डीजे पर नाचने को लेकर हुआ बवाल

बिलासपुर। तखतपुर के पास ग्राम मोढ़े में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसा और दहशत में बदल गया, जब डीजे पर नाचने को लेकर शुरु हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े झगड़े में तब्दील हो गया। बारातियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने बारातियों के वाहनों में भी भारी तोड़फोड़ की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ग्राम मोढ़े से एक बारात गाजे-बाजे के साथ ग्राम कुंआ पहुंची थी। शादी का माहौल खुशनुमा था और बाराती डीजे की धुनों पर नाच रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक भी मौके पर पहुंचकर डीजे के पास नाचने लगे। नाचने के दौरान जगह को लेकर बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी शुरु हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ बारातियों ने गांव के युवकों के साथ मारपीट कर दी। बारातियों द्वारा मारपीट की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बारात को चारों ओर से घेर लिया और बारातियों पर हमला कर दिया। स्थिति इतनी बिग कि बाराती अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़-खदेड़कर पीटा। हिंसा के दौरान ग्रामीणों ने बारात में शामिल वाहनों को भी निशाना बनाया। कई कारों और अन्य गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और भारी नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में विनय पटेल और पंकज पटेल नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाइश देकर माहौल शांत कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरु कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मारपीट व तोड़फोड़ में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!