छत्तीसगढ़

रायगढ़ में ट्रक में लोड 300 बोरी अवैध धान पकड़ाया:ओडिशा से लाया जा रहा था, चालक नहीं पेश कर सका वैध दस्तावेज

रायगढ़ शहर की जूटमिल पुलिस और साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार रात गश्त के दौरान बड़माल गांव के पास से ओडिशा से ट्रक में आ रहे 300 बोरी अवैध धान को पकड़ा है। बता दें धान खरीदी के अंतिम दिनों में कोचिया, बिचैलिया अधिक सक्रिय हो जाते हैं। इसे लेकर साइबर सेल की टीम को संदिग्ध वाहनों की जांच में लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात गश्त के दौरान साइबर सेल और जूटमिल पुलिस की टीम अवैध धान आवक की जांच करने रवाना हुए थे। इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक ट्रक रायगढ़ आ रही थी। इस ट्रक का पीछा करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बड़माल के पास ओवर ब्रिज के नीचे लारा रोड में ट्रक को रुकवा कर पकड़ा।

धान के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया

ट्रक क्रमांक ओडी 17 यू. 9629 को रोक कर चालक अभिषेक जामदुलिया (22 साल) निवासी ग्राम रुचिदा थाना आंबाभौना जिला बरगढ़ (ओडिशा) से वाहन में रखे धान के संबंध में पूछताछ की गई। साथ ही धान परिवहन को लेकर वैध दस्तावेजों की दिखाने को कहा गया। वाहन चालक लोड धान के संबंध में कोई कागजात नहीं होना बताया। इसके बाद लोड धान वाहन को जूटमिल थाना लाया गया।

वाहन जब्ती की कार्रवाई

थाने में चालक को धान के संबंध में वैध कागजात पेश करने का समय भी दिया गया। लेकिन वाहन चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। ट्रक में लोड धान का अवैध व संदिग्ध प्रतीत होने पर जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने धारा 102 सीआरपीसी के तहत वाहन जब्ती की कार्रवाई की और इसकी सूचना खाद्य निरीक्षक रायगढ़ को दी।

धान खरीदी को लेकर जिले में चौकन्नी है पुलिस

दीपक मिश्रा ने बताया कि कलेक्टर व एसएसपी के निर्देशन पर पात्र किसानों को कोई असुविधा ना हो इसका ध्यान रखकर कार्रवाई में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। प्रदेश भर में धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल और एसपी सदानंद कुमार के दिशा-निर्देश पर प्रशासन व पुलिस सीमावर्ती प्रदेश व जिलों से रायगढ़ जिले में अवैध रूप से धान खपाए जाने को लेकर चौकन्ने हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!