छत्तीसगढ़रायपुर

होली से पहले किसानों के खातों में पहुंचेगी 10 हजार करोड़ की अंतर राशि, साय कैबिनेट का बड़ा फैसला

नवा रायपुर 11 फरवरी 2026/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ कैबिनेट की अहम बैठक में राज्य के किसानों के लिए बड़ा निर्णय लिया गया। सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने की मंजूरी दे दी है।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंत्रिपरिषद के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए का भुगतान होली से पूर्व किसानों के खातों में सीधे किया जाएगा।

सरकार का दावा है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक की अंतर राशि दी जा चुकी है। होली से पहले प्रस्तावित 10 हजार करोड़ रुपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो जाएगा।

कैबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के अष्टम सत्र (फरवरी-मार्च 2026) हेतु राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन भी किया गया। साथ ही बजट अनुमान वर्ष 2026-27 के विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई।

सरकार के इस निर्णय को किसानों के लिए होली का बड़ा तोहफा माना जा रहा है। आर्थिक रूप से यह कदम ग्रामीण बाजार में नकदी प्रवाह बढ़ाने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!