देश दुनियाराजनीति

इस्तीफे से ललन सिंह का इनकार:NDA में शामिल होने के सवाल पर नीतीश ने कुछ नहीं कहा

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने ललन सिंह को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की खबरों को खारिज कर दिया। गुरुवार को जब सीएम से यह पूछा गया है कि यह चर्चा है कि आप एनडीए में जा सकते हैं तो इस सवाल को वे टाल गए।

आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में जदयू की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ सीएम नीतीश की बैठक होगी। नीतीश और ललन सिंह इस बैठक में शामिल होने के लिए पटना से दिल्ली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद की बैठक होगी।

ललन सिंह ने इस्तीफे की खबरों को किया खारिज

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने इस्तीफे की खबर को खारिज कर दिया है। दिल्ली में उन्होंने कहा कि भाजपा जो नैरेटिव सेट करती है उसे आपको फॉलो करना होता है। आप मैनेजमेंट से बात कर लीजिए। जो नैरेटिव सेट करना हो सेट कर लीजिए। जेडीयू एक है। एक रहेगी। आप चाहे जितनी ताकत लगा लीजिए। ये राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद की बैठक है।

तेजस्वी यादव ने भी ललन के इस्तीफे की खबर को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हर पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करती है। ये एक सामान्य बैठक है। महागठबंधन में सब कुछ ठीक है।

गिरिराज बोले- नीतीश कुछ दिनों के मेहमान
इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को पटना में कहा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं। वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। लालू यादव ने पूरा चक्रव्यूह रच दिया है, पहला चक्रव्यूह- अवध बिहारी को स्पीकर बनाना…नीतीश कुमार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री नहीं बना रहे हैं, ये कुछ दिन के मेहमान हैं। लालू जी उन्हें मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे।

उन्होंने कहा कि उनके पास एक रास्ता यही है कि वह तेजस्वी को सीएम बना दें और दूसरा-JDU का RJD के साथ विलय कर दें। यही दो रास्ता है अगर नहीं माने तो उनका जाना तय है।

वित्त मंत्री ने कहा- भाजपा अफवाह फैला रही है
दरअसल, पिछले दो दिनों से चर्चा तेज थी कि 28-29 दिसंबर को पार्टी की राष्ट्रीय बैठक (कार्यकारिणी-परिषद) में पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष तय होगा। ललन सिंह पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि, पार्टी के नेता और वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा था कि ललन के इस्तीफे की खबर सिर्फ अफवाह है। महागठबंधन एकजुट है। कोई कंफ्यूजन नहीं है। हां, मीडिया और भाजपा कंफ्यूजन फैला रही है।

हालांकि, दिल्ली में I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक 19 दिसंबर को थी। बैठक के बाद से ही ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की चर्चा तेज चल रही है। बैठक के अगले दिन नीतीश कुमार सिंह लौट आए थे, लेकिन ललन सिंह दूसरे दिन आए। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी दूसरे दिन ही आए थे। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार और ललन सिंह में सबकुछ ठीक नहीं होने की खबरें बाहर आने लगीं।

अरुण जेटली की राजकीय जयंती समारोह में शामिल हुए नीतीश
नीतीश और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव गुरुवार को भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय अरुण जेटली की राजकीय जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने भी ललन के इस्तीफे की खबर को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हर पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करती है। हमने भी ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित की थी।

Related Articles

Back to top button