छत्तीसगढ़बिलासपुर

अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़, 224 बोरी धान जब्त

सुरेश सिंह बैस -बिलासपुर। मस्तुरी तहसील के ग्राम वेद परसदा में अवैध रूप से धान ले जाते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए। संयुक्त टीम ने इनसे 224 बोरी धान जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.78 लाख रुपये बताई गई है। जांच के दौरान वाहन चालकों ने बताया कि यह धान बिल्हा से टिकारी ले जाया जा रहा था।लेकिन मौके पर धान परिवहन के लिए कोई वैध दस्तावेज, जैसे- मण्डी शुल्क रसीद या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। तहसीलदार ने दोनों ट्रैक्टर और धान की 224 बोरियों को जब्त कर प्रकरण तैयार किया। मामले में मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कलेक्टर ने कोचियों और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर भी कठोर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने एक मजबूत सूचना तंत्र विकसित किया है। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तुरंत दबिश दी जाती है। सरकार के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीमें अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!