अवैध खनन और शराब पर कलेक्टर का सख्त रुख, होली से पहले कानून व्यवस्था कसने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 फरवरी 2026। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध गतिविधियों और लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में पुलिस, वन, राजस्व, खनिज, नेशनल हाईवे, पीडब्ल्यूडी, पशुधन और नगरपालिका विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने विशेष रूप से रेत, गिट्टी और पत्थर के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जहां भी हाइवा और पोकलेन मशीनों के माध्यम से अवैध उत्खनन की सूचना मिले, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। रात्रिकालीन अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए खनिज विभाग को सतर्कता बरतने को कहा गया।
अवैध शराब के विरुद्ध भी व्यापक अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान अवैध भंडारण और बिक्री पर विशेष नजर रखी जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कानून व्यवस्था के दृष्टिकोण से सारंगढ़ के भारत माता चौक के पास किसी भी प्रकार की गतिविधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां धरना-प्रदर्शन या पुतला दहन की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए एसडीएम को वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने को कहा गया है।
होली के दौरान आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के लिए जिले में फ्लैग मार्च आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने वन, राजस्व और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों के जानमाल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
साथ ही सारंगढ़ बस स्टैंड, मुख्य मार्ग और यात्री प्रतीक्षालयों के पास नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े टैक्सी और अन्य वाहनों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व, पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम को नियमित अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है।

