सुकमा 3 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकमा जिले के कोंटा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बीईओ पर शिक्षकों के एरियर्स की राशि तैयार कराने और भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। बुधवार को जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने कोंटा स्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों व अभिलेखों की जांच की। टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की भी पड़ताल कर रही है।
एसीबी ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है। शिक्षा विभाग में इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।




