कोरबा, 4 सितंबर।कोरबा जिले के आनंद नगर, सुराकछार निवासी मानिकपुरी पनिका समाज के वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय श्री चमरु दास महंत के असामयिक निधन पर उनके निवास पर आयोजित अंतिम नहावन, चलावा चौका एवं चंदनपान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी अपने संगठन के पदाधिकारियों के साथ पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने कहा कि स्वर्गीय चमरु दास महंत समाज के कर्मठ, सरल एवं लोकप्रिय समाजसेवी थे। उनका निधन मानिकपुरी पनिका समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संत कबीर साहेब के वचनों का स्मरण करते हुए कहा कि मानव जीवन क्षणभंगुर है और प्रत्येक व्यक्ति को इस शाश्वत सत्य को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ महंतों एवं दीवानों के सान्निध्य में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार चंदनपान और चलावा चौका की रस्में श्रद्धापूर्वक संपन्न हुईं। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित लोगों ने पान प्रसाद ग्रहण किया तथा सामूहिक भंडारे में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश न्यायाधीश एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रविशंकर दास महंत, संभागीय अध्यक्ष आरती दास महंत, वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम दास मानिकपुरी, राजेश महंत, अविनाश महंत, रायगढ़ जिलाध्यक्ष अमृत दास महंत, सीता महंत,परदेशी दास दीवान,विष्णु दास महंत,सुकृत दास, ज्योतिषाचार्य दिनेश मानिकपुरी, प्रदेश उपाध्यक्ष (कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ) बलीदास मानिकपुरी,वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश दास मानिकपुरी, पार्षद लखन लाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




