सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”18 अप्रैल 2026/
–
हाल ही में सामने आए आंकड़े एक चौंकाने वाली सच्चाई उजागर करते हैं!हम जो बिजली बिल भरते हैं, उसका एक बड़ा हिस्सा केवल हमारी खपत का नहीं, बल्कि व्यवस्था की खामियों और बिजली चोरी की कीमत भी होता है। यह केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि नैतिकता, जवाबदेही और सामाजिक न्याय का प्रश्न बन चुका है।
विश्लेषण के अनुसार, उपभोक्ता के कुल बिजली बिल में वास्तविक बिजली की लागत लगभग 55% ही होती है। शेष राशि में 29% तक “स्थायी शुल्क” और करीब 11% “पावर/रेगुलेटरी सरचार्ज” के रूप में वसूला जाता है। इसके अलावा कर और अन्य शुल्क भी शामिल होते हैं। यह स्पष्ट करता है कि उपभोक्ता जो भुगतान करता है, उसमें से एक बड़ा हिस्सा सीधे-सीधे उसकी खपत से संबंधित नहीं है।
सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि इस अतिरिक्त बोझ का बड़ा कारण बिजली चोरी और राजस्व वसूली में विफलता है। जब बिजली विभाग चोरी की बिजली का नुकसान वसूल नहीं कर पाता, तो उसकी भरपाई “क्रॉस-सब्सिडी” और विभिन्न शुल्कों के माध्यम से ईमानदार उपभोक्ताओं से की जाती है। यानी जो नियमों का पालन करता है, वही दंड भुगतता है।
आंकड़ों पर गौर करें तो स्थिति और भी गंभीर दिखती है। हजारों मामलों में बिजली चोरी पकड़ी जाती है, लेकिन वसूली का प्रतिशत बहुत कम रहता है। कई मामलों में तो एफआईआर तक दर्ज नहीं होती, जिससे चोरी करने वालों के हौसले बुलंद रहते हैं। परिणामस्वरूप, यह नुकसान पूरे सिस्टम में फैल जाता है और अंततः आम नागरिक के बिल में जुड़ जाता है।
यह स्थिति कई सवाल खड़े करती है…?
0 क्या ईमानदारी अब आर्थिक नुकसान का कारण बनती जा रही है?
0 क्या तंत्र की विफलता का भार आम नागरिक पर डालना उचित है?
और क्या यह सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत नहीं है?समाधान केवल तकनीकी सुधारों में नहीं, बल्कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति और सामाजिक जागरूकता में भी निहित है। स्मार्ट मीटरिंग, सख्त कानूनी कार्रवाई, पारदर्शी बिलिंग प्रणाली और जवाबदेही तय करना आवश्यक कदम हैं। साथ ही, समाज में यह भावना विकसित करनी होगी कि बिजली चोरी केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि दूसरों के अधिकारों का हनन है।अब यह समझना होगा कि जब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक ईमानदार उपभोक्ता “अदृश्य कर” चुकाता रहेगा। अब समय आ गया है कि इस अन्यायपूर्ण संतुलन को बदला जाए और जिम्मेदारी उसी पर तय की जाए, जहां से समस्या उत्पन्न होती है।
सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’
– बिलासपुर,छत्तीसगढ़


