जर्जर पाइप लाइन बदली गई, 30 से अधिक अवैध कनेक्शन काटे गए
बिलासपुर 26 मई 2026/ सरकंडा क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को आखिरकार 12 दिनों बाद स्वच्छ पेयजल मिलना शुरू हो गया है। लंबे समय से गंदे पानी की शिकायतों के बाद नगर निगम ने व्यापक अभियान चलाते हुए क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को बदल दिया तथा दर्जनों अवैध नल कनेक्शनों को हटाया। इसके बाद क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सामान्य होने लगी है।नगर निगम की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पाइप लाइन की खुदाई कर जांच की, जिसमें कई स्थानों पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त मिली। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नालियों के बीच से गुजर रही पाइप लाइन में बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन जोड़ दिए गए थे, जिससे दूषित पानी सप्लाई में मिल रहा था।
निगम ने कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक अवैध कनेक्शन तत्काल काट दिए।
अधिकारियों के अनुसार अशोक नगर, बिरकोना रोड और कपिल नगर सरकंडा क्षेत्र में नई पाइप लाइन डालने के साथ पुरानी जर्जर लाइन को हटाया गया। मरम्मत कार्य के दौरान पानी के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अशोक नगर-बिरकोना क्षेत्र में चला विशेष अभियान
नगर निगम द्वारा रविवार को विशेष सुधार अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य पाइप लाइन की सफाई, लीकेज सुधार और क्लोरीनेशन का कार्य किया गया। कई जगहों पर पाइप लाइन के ऊपर बने अवैध जोड़ हटाए गए, जिससे जल प्रवाह बाधित हो रहा था।
लोगों को मिली राहत
लगातार गंदे पानी और जलापूर्ति बाधित रहने से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पीने के पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब स्वच्छ पानी मिलने से स्थिति सामान्य होने लगी है।
अन्य क्षेत्रों में भी निगरानी
नगर निगम ने सरकंडा के अलावा देवरीखुर्द, महात्मा गांधी चौक और आसपास के इलाकों में भी पाइप लाइन की जांच शुरू कर दी है। जहां-जहां शिकायतें मिल रही हैं, वहां पाइप लाइन बदलने और अवैध कनेक्शन हटाने की कार्रवाई जारी है।





