बिलासपुर 30 मई 2026/ इमलीपारा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा निर्मित बहुप्रतीक्षित व्यावसायिक कॉम्पलेक्स अब पूरी तरह संचालन के करीब पहुंच गया है। कॉम्पलेक्स में विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है, जिसके बाद आवंटित दुकानों के एग्रीमेंट और हैंडओवर की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। लंबे समय से इंतजार कर रहे व्यापारियों को अब जल्द दुकानें मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, इमलीपारा में दो मंजिला आधुनिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया गया है, जिसमें कुल 66 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें से पहले चरण में 22 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि शेष दुकानों के लिए आगे की प्रक्रिया जारी है। आवंटन के बाद दुकानदारों के साथ एग्रीमेंट की कार्रवाई की जा रही है, ताकि वे शीघ्र व्यवसाय शुरू कर सकें। बताया जा रहा है कि कॉम्पलेक्स तैयार होने के बावजूद बिजली कनेक्शन और ट्रांसफार्मर की समस्या के कारण दुकानें शुरू नहीं हो पा रही थीं। अब ट्रांसफार्मर लगने के बाद यह बड़ी बाधा दूर हो गई है। नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रबंधन द्वारा आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस कॉम्पलेक्स और सड़क परियोजना को शहर के प्रमुख व्यावसायिक विकास कार्यों में माना जा रहा है। कॉम्पलेक्स निर्माण के साथ सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार का कार्य भी किया गया है। इसके लिए क्षेत्र में पूर्व से संचालित 87 दुकानों को हटाया गया था। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होते ही आवंटित दुकानों का कब्जा व्यापारियों को सौंप दिया जाएगा। इससे इमलीपारा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।





