रायपुर 4 जून (द भारत टाइम्स) अवैध शराब बेचने वालों, खुलेआम चाकू लहराकर दहशत फैलाने वालों और अड्डेबाजी कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर डीडी नगर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही दिन में शराब तस्कर गिरफ्तार हुआ, चाकूबाज सलाखों के पीछे पहुंचा और 10 अड्डेबाजों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर पुलिस ने साफ संदेश दे दिया कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं है।
डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डीडी नगर पुलिस को 3 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुरा स्थित कुरी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी अमर गुप्ता निवासी महादेव घाट को दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 57/26, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
इसी दौरान रात्रि गश्त के समय पुलिस को सूचना मिली कि महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक युवक चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शंकर साहू निवासी कुकुरबेड़ा, सरस्वती नगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 355/26 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पूर्व में समझाइश के बावजूद गतिविधियां बंद नहीं होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर 10 अड्डेबाजों को पकड़ा और उनके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर एसीपी न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध शराब कारोबार, हथियारों का प्रदर्शन और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बहरहाल, डीडी नगर पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब अपराधियों के लिए पश्चिम रायपुर में जगह कम और जेल का रास्ता ज्यादा आसान होने वाला है।






