मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 6 जून 2026/ महाराष्ट्र बॉर्डर तक पहुंचने से पहले ही अवैध शराब की एक विशाल खेप पुलिस के शिकंजे में आ गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर मानपुर पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि शराब तस्करी का बड़ा खेल बीच रास्ते में ही ध्वस्त हो गया। पुलिस ने ट्रक से करीब 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में शराब और वाहन समेत कुल 75 लाख 28 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत 6 जून 2026 को थाना मानपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की ट्रक में भारी मात्रा में शराब लोड कर मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीएम कार्यालय मानपुर के पास मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 15 DZ 4515 को रोककर जांच की गई। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलराम सिंह डांगी, पिता दिमान सिंह डांगी, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ट्रक में अवैध शराब लोड है। तलाशी लेने पर 100 पेटी रॉयल स्टेज पौवा, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की सहित लगभग 800 पेटी शराब बरामद हुई। शराब की कीमत 50.28 लाख रुपये और ट्रक की कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी और महाराष्ट्र के गड़चिरौली सीमा क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। आरोपी ने महाराष्ट्र के शैलेश नामक व्यक्ति के संपर्क में रहकर खेप को अनलोड किए जाने की जानकारी भी दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।
बहरहाल, मानपुर पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि सीमा पार शराब तस्करी करने वाले गिरोहों पर अब पुलिस की पैनी नजर है और कानून के शिकंजे से बच निकलना आसान नहीं होगा।






