बिलासपुर 7 जून 2026/ थाना मस्तूरी अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी की पहचान ग्राम बिनेका निवासी रंजीत कुमार टंडन (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने माता-पिता के साथ मजदूरी कार्य पर जाती थी। इसी दौरान मकान मालिक रंजीत कुमार टंडन उस पर गलत नजर रखता था। शिकायत में बताया गया कि 15 मई 2026 को आरोपी ने नाबालिग बच्ची को पुणे घुमाने का लालच दिया और उसके साथ अशोभनीय हरकत की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी को तलब किया गया, जहां उसने घटना को स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बच्ची को अपने साथ पुणे ले जाने की फिराक में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी छेड़छाड़ के मामले पर कार्रवाई हो चुकी है। मामले में आगे की जांच जारी है।





