रायपुर 7 जून 2026/ स्वच्छता को लेकर मिली एक शिकायत ने कई प्रतिष्ठानों की लापरवाही उजागर कर दी। नगर निगम की औचक जांच में होटल, बार, कॉफी हाउस और फल ठेले पर गंदगी मिलने के बाद कार्रवाई हुई और कुल 9,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से समझौता अब महंगा पड़ सकता है।
रायपुर नगर पालिक निगम के जोन-5 स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छता संबंधी जनशिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोल चौक और आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायत पूरी तरह सही पाई गई और कई प्रतिष्ठानों में गंदगी एवं अस्वच्छ वातावरण मिला।
निरीक्षण के दौरान गोल चौक स्थित थाली एक्सप्रेस होटल पर 3,000 रुपये, मधुशाला बार पर 3,000 रुपये, कुशालपुर चौक स्थित इंडियन कॉफी हाउस पर 2,000 रुपये तथा आमापारा में एक फल ठेला संचालक पर 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 9,500 रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने संबंधित व्यवसायियों को भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने की कड़ी चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी गंदगी या नियमों की अनदेखी मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू और प्रेम मानिकपुरी स्वक्षता निरीक्षक मौके पर मौजूद रहे। बहरहाल, यह कार्रवाई उन सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए चेतावनी है जो स्वच्छता नियमों को हल्के में लेते हैं—क्योंकि अब शिकायत के बाद सिर्फ नोटिस नहीं, सीधे जुर्माना भी तय है।






