सारंगढ़ बिलाईगढ़ 13 जून 2026/ लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सारंगढ़ पुलिस ने शनिवार को शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर अब सख्त कार्रवाई होगी। रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड, सदर बाजार, तुर्की तालाब चौपाटी, गार्डन सहित प्रमुख क्षेत्रों में देर रात तक चली पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने आम लोगों से सीधे संवाद किया, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और युवाओं को अनुशासन में रहने की समझाइश दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में कोतवाली थाना और पुलिस लाइन के जवानों ने पूरे थाना क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान कई युवकों को थाना बुलाकर झगड़ा-मारपीट, स्टंटबाजी, अनावश्यक समूहबाजी और शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी गई। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की असामाजिक हरकत से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की बदमाशी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की सूचना तत्काल दें। इसके लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए ताकि जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क किया जा सके।
गौरतलब है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी रहेगी, जबकि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






