कवर्धा /राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम के तहत आयोजित राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह तथा छत्तीसगढ़ पुलिस दल के लीडर रविन्द्र गिरी और उनके साथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर रैली को मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।
इससे पहले 18 अक्टूबर को कवर्धा के सिग्नल चौक पर बाइक राइडर्स का पुष्पमाला और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर तूलिका प्रजापति और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास, शिक्षा और रोजगार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
एसपी के निर्देशन में धवईपानी सीमा तक निकली बाइक रैली
राष्ट्रीय बाइक रैली के साथ कबीरधाम पुलिस ने भी जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में एसडीओपी प्रशांत देवांगन जिला पुलिस टीम के साथ बाइक राइडर्स में शामिल हुए और जिले की धवईपानी सीमा तक रैली निकालकर नशामुक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में 4 अक्टूबर से शुरू हुई यह राष्ट्रीय बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरते हुए 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में संपन्न होगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, डीएसपी आशीष शुक्ला, एसडीओपी प्रशांत देवांगन, रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह, थाना प्रभारी लालजी सिन्हा, उपनिरीक्षक अजयकांत तिवारी, पुलिसकर्मी, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षक एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
संदेश: एक भारत, श्रेष्ठ भारत—नशामुक्त भारत, सशक्त भारत।





