सरगुजा संभाग प्रवास के दौरान दशगात्र कार्यक्रम में हुए शामिल, शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना; सामाजिक एकजुटता और भाईचारे पर दिया जोर
(सरगुजा) गहिला24 अक्टूबर 2026। प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय पनिका पनका समाज के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी अपने एक सप्ताह के सरगुजा संभाग प्रवास के दौरान बतौली विकासखंड के ग्राम गहिला (बेलकोटा) पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत समाजसेवी विश्वनाथ दास के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को दुख की इस घड़ी में धैर्य एवं संबल बनाए रखने का आग्रह किया।
दिवंगत विश्वनाथ दास का 13 अक्टूबर 2026 को असामयिक निधन हो गया था। उनके गृह निवास पर 22 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मानिकपुरी ने समाज के पदाधिकारियों के साथ उनके तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने विश्व वंदनीय सद्गुरु कबीर साहेब से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा उनके परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने परिवार प्रमुख श्रीमती कौशल्या दास और पुत्र श्री अमरनाथ दास से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के महंत श्री अनिल दास, ग्राम भोटको और दीवान श्री चैन दास, ग्राम रेवापुर के करकमलों से चंदन-पान की रस्म संपन्न हुई। उपस्थित सामाजिक जनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र और नगद राशि देकर सहयोग किया। इस दौरान कुल 8,300 रुपये एकत्र हुए, जिन्हें सामाजिक विशिष्टजनों की उपस्थिति में शोकाकुल परिवार को सौंपा गया। इसके बाद ग्राम टेडगा निवासी कबीर भजन गायक श्री निर्मल दास की टीम के सुमधुर भजन-कीर्तन के बीच चलावा चौका एवं गुरु दीक्षा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने चौका का पान-प्रसाद ग्रहण किया और भोजन भंडारे में शामिल हुए।
इस अवसर पर डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देते हुए कहा कि समाज को विभिन्न संगठनों के नाम पर अलग-अलग हिस्सों में बांटने के बजाय समता, सद्भाव, प्रेम, मैत्री और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के हितों की रक्षा, जरूरतमंदों की सहायता तथा प्रत्येक सामाजिक परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा करते हुए सामाजिक गरिमा बनाए रखना तथा समाज की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करना ही दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ. मानिकपुरी के प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान के तहत सामाजिक एकजुटता, जनजागरण और परस्पर सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक एवं पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से दरिमा ब्लॉक अध्यक्ष श्री देवधर दास, सचिव श्री नकुल दास, लुंड्रा ब्लॉक उपाध्यक्ष श्री बलवंत दास, सीतापुर ब्लॉक अध्यक्ष श्री शगुन दास, श्री मंगल दास, सचिव श्री महेश्वर दास, ग्राम कोट वंदना के श्री चंदेश्वर दास, ग्राम तिरगा के श्री मुन्ना दास, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती हिरमनिया मानिकपुरी, ग्राम खोडरी की श्रीमती लीला महंत, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सरगुजा, श्रीमती सुनीता मानिकपुरी, केदारपुर की श्रीमती सुनीता मानिकपुरी तथा कोरिया जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती निहारो बाई मानिकपुरी सहित अन्य सामाजिकजन उपस्थित रहे।
साभार: प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़।




