बिलासपुर 9 जून 2026/ सिरागट्टी थाना क्षेत्र क यदुनदन नगर तिफरा मे रविवार रात हुई चाकूबाजी की घटना ने हत्या का रूप ले लिया है। पुराने विवाद के चलते हुए हमले में गंभीर रूप से घायल केवल गिरी गोस्वामी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच यदुनंदन नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में यह वारदात हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी गोलू उर्फ “सर्किट” मुंह पर कपड़ा बांधकर उस फल दुकान के पास पहुंचा, जिसे मृतक की पत्नी संचालित करती है। वहां पहुंचते ही उसने केवल गिरी गोस्वामी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हमले में गंभीर रूप से घायल केवल गिरी गोस्वामी को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।बीच बाजार में हुई इस हत्या की घटना से यदुनंदन नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करने की मांग की जा रही है।






