छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में IED ब्लास्ट, 2 CRPF जवान घायल:नक्सली सप्ताह के पहले दिन वारदात; बैनर-पोस्टर के नीचे प्लांट किया था बम

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में साल के अंतिम महीने में मनाए जाने वाले नक्सली सप्ताह के पहले ही दिन नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है। जिसकी चपेट में आने से CRPF 195 बटालियन के 2 जवान घायल हो गए हैं। घायलों को साथी जवान अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामला बारसुर थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि, इलाके में नक्सलियों ने बैनर-पौस्टर बांध रखा था और इसके नीचे IED प्लांट किया था। बैनर निकालते समय IED ब्लास्ट हो गया, जिससे जवान ब्लास्ट की चपेट में आ गए।

आईईडी ब्लास्ट के बाद जमीन घायल पड़ा जवान।
आईईडी ब्लास्ट के बाद जमीन घायल पड़ा जवान।

आज से नक्सलियों का PLGA सप्ताह

आज से नक्सलियों का PLGA सप्ताह शुरू हो गया है। इसी को देखते हुए बारसुर इलाके में CRPF-195 बटालियन के जवान एरिया डोमिनेशन के लिए निकले हुए थे। इसी बीच बारसुर-पल्ली मार्ग पर ब्रिज के पास नक्सलियों के लगाए बैनर-पोस्टर पर जवानों की नजर पड़ी। जवान बैनर-पोस्टर निकालने लगे। इसी दौरान जोर का धमाका हुआ। नक्सलियों ने बैनर-पोस्टर के नीचे IED प्लांट कर रखा था।

घटना के बाद मौके पर मौजूद जवान फौर दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गए। ASP आर के बर्मन ने बताया कि IED को डिफ्यूज कर दिया गया है।

नक्सलियों ने ऐसे बैनर लगाए हैं।
नक्सलियों ने ऐसे बैनर लगाए हैं।

8 दिसंबर तक चलेगा PLGA सप्ताह

बस्तर में नक्सलियों का PLGA सप्ताह 8 दिसंबर तक चलेगा। PLGA सप्ताह के पहले ही दिन नक्सली सक्रिय दिख रहे हैं। उन्होंने बीजापुर-आवापल्ली सड़क के बीचों-बीच बैनर बांधा है। उधर, नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर भी सड़क पर पर्चे फेंके और पत्थर डालकर मार्ग बाधित कर दिया है। नक्सली दहशत की वजह से इस मार्ग में यात्री बसों के पहिए थम गए हैं।

बीजापुर से आवापल्ली जाने वाले मार्ग पर नक्सलियों ने बैनर बांधकर पर्चे भी फेंके हैं। बैनर-पोस्टर में लोगों से PLGA सप्ताह मनाने की बात लिखी है। बताया जा रहा है कि, इसकी जानकारी मिलते ही मोदकपाल थाने के जवान भी मौके पर पहुंचे और बैनर-पोस्टर हटा दिया है।

नारायणपुर में बाधित की सड़क

नक्सलियों ने नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर भी जमकर उत्पात मचाया है। इस सड़क पर नक्सलियों ने काफी पर्चे फेंके हैं। सड़क के बीच पत्थर रखकर मार्ग भी बाधित कर दिया। हालांकि, सुबह जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और मार्ग को बहाल किया।

सड़क पर बिखरे नक्सली पोस्टर-बैनर।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!