प्रकाश पर्व पर विशेष : 520 वर्ष पुरानी मान्यता से जुड़ा है महासमुंद जिले का यह ऐतिहासिक स्थल, अमृतसर गुरुद्वारे की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी
बसना 24 नवम्बर 2026/सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत ऐतिहासिक ग्राम गढ़फुलझर स्थित नानक सागर एक बार फिर श्रद्धा और गौरव का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, लगभग 520 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान यहां पहुंचे थे और लोगों को प्रेम, समानता, भाईचारे तथा मानव सेवा का संदेश दिया था। मान्यता है कि उस समय यह स्थान रानी सागर के नाम से जाना जाता था, जो गुरु नानक देव जी की स्मृतियों से जुड़कर नानक सागर के नाम से प्रसिद्ध हुआ।
इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित और विकसित करने के लिए स्थानीय सिख समाज तथा राज्य अल्पसंख्यक आयोग के प्रयासों से पहल आगे बढ़ी है। राज्य शासन द्वारा भी इसके विकास, पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में सरदार सुरेंद्र सिंह सहित आयोग के पदाधिकारियों से मिलकर नानक सागर के विकास पर चर्चा की थी। वर्तमान में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित प्रदेश और देश के सिख समाज के लोग इस स्थल को अमृतसर के गुरुद्वारे की तर्ज पर भव्य धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान दिलाने के प्रयास में जुटे हैं।
नानक सागर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान सरदार हरजिंदर सिंह एवं ग्राम के गौंटिया सरदार महिपाल सिंह ने बताया कि यह स्थल केवल जलाशय नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। बाबा साहेब सिंह जी करनाल वाले के मार्गदर्शन में यहां सेवा कार्य संचालित हो रहे हैं। प्रत्येक रविवार को प्रदेश के विभिन्न नगरों से श्रद्धालु कार सेवा के लिए पहुंचते हैं। शबद-कीर्तन एवं सिमरन के पश्चात अटूट लंगर का आयोजन भी किया जाता है।
प्रकाश पर्व के अवसर पर बसना स्थित श्री गुरुसिंह सभा गुरुद्वारे में विशेष सजावट की गई तथा जनकल्याण के लिए अरदास की गई। समाज के प्रमुखों सरदार लालसिंह छाबड़ा, सरदार मंजीत सिंह सलूजा, सरदार महिपाल सिंह जटाल एवं सरदार हरजिंदर सिंह सहित अनेक लोगों के प्रयासों से नानक सागर को नई पहचान दिलाने की दिशा में कार्य जारी है।
गढ़फुलझर का नानक सागर आने वाले समय में सिख समाज की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहर के रूप में स्थापित हो सकता है। यह बसना क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।