सरायपाली 24 नवम्बर 2026/ परिवार में पत्नी के निधन के बाद दशकर्म कार्यक्रम के लिए गांव से बाहर गए व्यक्ति के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम छुईपाली निवासी तुलसीराम धृतलहरे के मकान में 3 नवंबर की रात ताला तोड़कर चोरी की गई थी। चोर दो एलईडी टीवी, सीसीटीवी डीवीआर, मॉनीटर सहित नकदी रकम ले गए थे। शिकायत पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 138/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर आकाश साव (21 वर्ष) और जोगेश्वर बरिहा (40 वर्ष), दोनों निवासी छुईपाली से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर दो टीवी, सीसीटीवी डीवीआर, सिम राउटर, मॉनीटर और नकदी सहित कुल 32,780 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
सिंघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





