पायलेटिंग कर रही बाइक से खुला तस्करी का खेल, 4.490 किलो गांजा सहित 3.64 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद 24 नवम्बर 2026/ ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर धमतरी जिले के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लेकर धमतरी जा रहे थे। तस्करी के दौरान एक बाइक आगे चलकर पायलेटिंग कर रही थी, जबकि दूसरी बाइक में गांजा परिवहन किया जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से 4.490 किलोग्राम गांजा, चार मोबाइल और दो मोटरसाइकिल सहित कुल 3,64,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। जब्त गांजे की कीमत 2,24,500 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावेश साहू उर्फ आयुष (21), विनय कुमार साहू (19), पिकेश साहू (21) और लोकेश साहू उर्फ काशीराम (21), सभी निवासी जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में कोमाखान पुलिस ने सटीक सूचना, त्वरित घेराबंदी और समन्वय के जरिए गांजा तस्करी की कोशिश को नाकाम किया।





