रायपुर 19 नवंबर 2026/ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) एवं RSS के वरिष्ठ प्रचारक-संगठनकर्ता श्री संजय जोशी जैन श्वेतांबर समाज द्वारा डोंगरगांव में आयोजित ‘अहिंसा परमो धर्मः’सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के पश्चात 18 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, माना, रायपुर पहुंचने पर पनिका-पनका समाज के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पनिका-पनका जाति की पिछले 55 वर्षों से लंबित अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जा बहाली की मांग को लेकर श्री जोशी के समक्ष तथ्यपरक पक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री जोशी को बताया कि वर्ष 1971 से पूर्व पनिका-पनका जाति अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में था, लेकिन 8 दिसंबर 1971 से तत्कालीन सरकार द्वारा क्षेत्रीय बंधन लगाए जाने के बाद समाज को अनुसूचित जनजाति की श्रेणी से पृथक कर पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में रखा गया। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि इस क्षेत्रीय बंधन को समाप्त कर पनिका-पनका समाज को पुनः अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में बहाल करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार से शीघ्र आवश्यक पहल की जानी चाहिए। संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने श्री जोशी से इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक सहयोग एवं पहल का विशेष अनुरोध किया।
प्रतिनिधियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत पनिका-पनका समाज की आबादी करीब 20 लाख है। समाज आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़ा हुआ है। पदाधिकारियों के अनुसार, वर्ष 1971 के बाद लगाए गए क्षेत्रीय बंधन के कारण समाज अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित हुआ है और इसी मांग को लेकर पिछले करीब 55 वर्षों से केंद्र एवं राज्य सरकारों के समक्ष न्याय की गुहार लगाई जा रही है। समाज पदाधिकारियों ने पनिका-पनका समाज को द्रविड़ मूल की प्राचीन जनजाति बताते हुए कहा कि ST दर्जा बहाली की मांग को लेकर पूर्व में भी शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में गठित अनुसूचित जनजाति आयोग, छत्तीसगढ़ के तत्कालीन अध्यक्ष श्री तारा सिंह राठिया ने वर्ष 2006 में इस विषय से संबंधित प्रतिवेदन तत्कालीन मुख्यमंत्री को सौंपा था। इसके बावजूद समाज की मांग अब तक लंबित है। पदाधिकारियों ने श्री जोशी से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व विधानसभा सत्र में पनिका-पनका समाज की इस मांग को गंभीरता से उठाया जाए तथा वर्ष 1971 के बाद लगाए गए क्षेत्रीय बंधन को समाप्त कर समाज को अनुसूचित जनजाति में पुनर्बहाल करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
समाज के पदाधिकारियों द्वारा रखे गए सभी पहलुओं एवं मांग से संबंधित विषयों को सुनने और समझने के बाद श्री जोशी ने तत्कालीन संबंधित मंत्री से टेलीफोन पर संपर्क कर इस विषय के समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही। समाज पदाधिकारियों ने इसे अपनी 55 वर्ष पुरानी मांग को उचित स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में इस विषय पर सकारात्मक कार्रवाई होगी।
मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय पनिका-पनका समाज के राष्ट्रीय संयोजक/अध्यक्ष बिहारी दास मूरचले (बैहर, बालाघाट), सहसंयोजक सुमित दास महंत (रायपुर), प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी, वरिष्ठ पत्रकार एच.डी. महंत (रायपुर), वरिष्ठ पत्रकार राकेश शर्मा (बैहर, बालाघाट), समाजसेवी लक्ष्मीपति पाण्डेय, कांकेर से नरोत्तम दास मानिकपुरी, सीपत से पुष्पेंद्र दास महंत, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़, राजेश दास मानिकपुरी, प्रदेश प्रवक्ता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़, किशन मानिकपुरी प्रदेश उपाध्यक्ष प्रांतीय मानिकपुरी समाज सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





