सरायपाली।
ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली-बसना के प्रतिनिधिमंडल ने सरायपाली स्थित विश्राम गृह में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं सरायपाली के पूर्व विधायक श्री रामलाल चौहान से सौजन्य मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने श्री चौहान को आगामी महोत्सव का आमंत्रण पत्र भेंटकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। साथ ही आयोजन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान कर महोत्सव की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि आगामी 14 एवं 15 नवंबर 2026 को बुढ़ादेव नगर, सरायपाली में ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, आस्था, मान्यताओं, रीति-रिवाजों एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करना है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।

आयोजक मंडल ने क्षेत्र के सामाजिक बंधुओं, युवाओं एवं समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं।







