छान्दनपुर।
ग्राम छान्दनपुर में ग्राम पंचायत की मासिक बैठक का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर मितानिन दिवस भी उत्साह एवं सम्मानपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, सचिव, साहू समाज के तहसील अध्यक्ष महेंद्र कुमार साव सहित ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मितानिन दिवस के अवसर पर गांव में स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सभी मितानिन बहनों को साड़ी एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके माथे पर तिलक-चंदन लगाकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने मितानिन बहनों के सेवाभाव, समर्पण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने, गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं बच्चों की देखभाल तथा जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उनका निःस्वार्थ सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के माध्यम से मितानिन बहनों के योगदान को सम्मान देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सेवाभाव की कामना की गई। इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, पंचायत सचिव, समस्त पंचगण, साहू समाज के तहसील अध्यक्ष महेंद्र कुमार साव एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।







