सरायपाली।
ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम चकरदा के ईडन गार्डन मैदान में बहुप्रतीक्षित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब चकरदा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही ईडन गार्डन का मैदान क्रिकेट के रोमांच से गुलजार हो उठा। शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, खिलाड़ी एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। इस प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की कई नामी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे आगामी दिनों में दर्शकों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर तुलाराम, मयाराम, जोईधा, राजेन्द्र पटेल, कमलेश पटेल, डिग्री पटेल, गोवर्धन पटेल, अशोक पटेल, संता पटेल, अजान खान, चैन सिंह सिदार सहित ग्राम के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल
चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब चकरदा की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं गांवों के बीच खेल के माध्यम से आपसी मेल-मिलाप और सौहार्द भी मजबूत होगा।





