सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 अगस्त। जिले में पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में पशुधन विकास विभाग ने उल्लेखनीय पहल की है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में उप संचालक डॉ. महेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जिले के 263 पशुपालकों को कुल 2 करोड़ 7 लाख 25 हजार 375 रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी-एएचडी) ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे पशुपालकों को अपने व्यवसाय के विस्तार के साथ आर्थिक मजबूती भी मिल रही है।
विभाग के अनुसार मार्च 2026 से जून 2026 के बीच विभिन्न बैंकों को पशुपालन के लिए कुल 408 केसीसी (एएचडी) प्रकरण भेजे गए थे। इनमें से 263 प्रकरण स्वीकृत हुए और हितग्राहियों को ऋण राशि वितरित की गई। भारतीय स्टेट बैंक ने बरमकेला और सारंगढ़ विकासखंड के 100 पशुपालकों को गाय पालन के लिए एक करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया। वहीं बरमकेला के 20 और सारंगढ़ के 17 बकरीपालकों को कुल 24.28 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत किया गया।
एचडीएफसी बैंक ने 88 प्रकरणों में 53.26 लाख रुपये का ऋण वितरित किया। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक ने 33 प्रकरण स्वीकृत करते हुए बरमकेला के 18 और सारंगढ़ के 15 पशुपालकों को गाय पालन एवं भरण-पोषण के लिए 26.50 लाख रुपये कम ब्याज पर उपलब्ध कराए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक हितग्राही को 2 लाख रुपये तथा बैंक ऑफ इंडिया ने एक हितग्राही को 1.20 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया।
पशुधन विकास विभाग का कहना है कि केसीसी योजना के माध्यम से पशुपालकों को समय पर वित्तीय सहायता मिलने से पशुधन संरक्षण, संवर्धन और स्वरोजगार को नई गति मिली है। विभाग की इस पहल से जिले में पशुपालन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी लगातार मजबूत हो रही है।





