जांजगीर-चांपा 7 जून 2026/ अकलतरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस ही नहीं, पूरे इलाके को हैरान कर दिया। यहां 3 लाख 15 हजार 746 रुपए की कथित चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि रकम किसी चोर ने नहीं चुराई थी, बल्कि शिकायतकर्ता व्यापारी ने ही पैसे छिपाकर फर्जी चोरी की कहानी गढ़ी थी।
मामला 4 जून का है। तरौद निवासी होलसेल किराना व्यापारी चिराग अग्रवाल ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कमला नारायण राइस मिल से धान बिक्री के 3 लाख 15 हजार 746 रुपए लेकर स्कूटी से घर लौट रहा था। व्यापारी का दावा था कि रास्ते में कहीं अज्ञात चोर उसकी स्कूटी की डिक्की से नकदी लेकर फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही अकलतरा पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने व्यापारी के बताए पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मेडिकल स्टोर और अन्य दुकानों के कैमरे चेक किए, साथ ही उन लोगों से भी पूछताछ की जिनका नाम शिकायत में सामने आया था। लेकिन जांच के दौरान चोरी का कोई सबूत नहीं मिला।
लगातार सामने आ रहे विरोधाभासों के बाद पुलिस को शिकायतकर्ता पर ही शक हुआ। पूछताछ का दायरा बढ़ाया गया और आखिरकार चिराग अग्रवाल ने स्वीकार कर लिया कि उस पर निजी उधारी थी। परिवार को इसकी जानकारी होने और डांट-फटकार के डर से उसने रकम छिपा दी और चोरी की झूठी कहानी बनाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पूरी 3 लाख 15 हजार 746 रुपए की रकम बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, अकलतरा पुलिस की जांच ने यह साबित कर दिया है कि कानून को गुमराह करने की हर कोशिश आखिरकार सच के सामने टिक नहीं पाती।”





