बिलासपुर 26 मार्च 2026/ मस्तूरी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीट क्षेत्र के जागरुक नागरिकों की सूचना के आधार पर की गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरदेवा निवासी विनोद मिरी उर्फ मजनू (42 वर्ष) अपने किराना दुकान में अवैध रूप से देसी शराब बेच रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चौकी मल्हार पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी को दुकान में 55 नग प्लेन देसी शराब बेचते हुए पकड़ा। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में आरक्षक किसान राय और रमेश साहू शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि ऐसे पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।

