छत्तीसगढ़

खपरी बायपास पर भीषण सड़क हादसा: 201 कोबरा बटालियन के चार जवान शहीद, एक गंभीर

धमतरी 14 फरवरी 2026 धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बायपास के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी डिजायर कार खपरी बायपास के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार जवान अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गैस कटर की सहायता से काफी मशक्कत के बाद जवानों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान का उपचार जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने सभी मृत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक की सड़क किनारे खड़ी स्थिति को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

इस हृदयविदारक हादसे ने न केवल सुरक्षा बलों बल्कि पूरे जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। प्रशासन द्वारा घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button