छत्तीसगढ़बिलासपुर

तांत्रिक क्रिया की आड़ में ढाई करोड़ का झांसा: आरोपी पुलिस हिरासत में

बिलासपुर। न्यायधानी के बिल्हा इलाके में अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तंत्र-मंत्र के जरिए “पैसों की बारिश” कराने का लालच देकर ठगों ने लाखों रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में पुलिस ने दो पुरुष और तीन महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना विजय राज लोगों को झांसे में लेने का काम करता था। वह ज्यादा पैसा मिलने का सपना दिखाकर पीड़ितों को भरोसे में लेता, फिर खुद को पंडित बताने वाले साथियों के पास भेजता। आरोपी सुनसान जगह पर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र का दिखावा करते और ढाई लाख रुपये चढ़ाने पर ढाई करोड़ मिलने का दावा करते थे। गिरोह में शामिल महिलाएं पीड़ितों से भावनात्मक बातें कर उनका विश्वास जीतती थीं। जैसे ही पैसे मिलते, आरोपी किसी बहाने से चमत्कार के लिए समय मांगते और फिर गायब हो जाते। शिकायत मिलने पर बिल्हा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर सभी पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह आसपास के जिलों में भी सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पैसों को दोगुना-तिगुना करने या चमत्कार के नाम पर ठगी करने वालों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button