तेज रफ्तार ट्रक ने 2 बाइक सवारों को कुचला, मौत:मजदूरी कर घर लौट रहे थे युवक, ड्राइवर की लापरवाही से गई जान
रायगढ़ में भीषण सड़क हादसे हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पूरा मामला घरघोडा थाना क्षेत्र के कसैया गांव का है।
मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को सामने से कुचल दिया। मृत युवकों में करण चौहान उम्र 25 वर्ष और दूसरे युवक का नाम देवा राम चौहान 18 वर्ष है। दोनों घरघोड़ा के कसैया दीपा पारा के रहने वाले थे।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे, जो वापस गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना प्रभारी शरद चंद्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
घरघोड़ा थाना प्रभारी शरद चन्द्रा ने बताया कि सोमवार की सुबह तकरीबन 10 बजे सड़क हादसा हुआ है। आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है। राहगीरों के मुताबिक ड्राइवर की लापरवाही से दो जान गई है।
सड़क हादसे रोकने में प्रशासन नाकाम
बता दें कि रायगढ़ जिले में कई कोयला खदानें हैं। ऐसे में ट्रेलर और डंपरों की भरमार है। सड़कों का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन कई बार डेंजर जोन का दौरा कर चुका है। इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में कोई सफलता नहीं मिल सकी है




