छत्तीसगढ़रायपुर

थाना प्रभारी अविनाश सिंह की सतर्कता से नशे के सौदागरों पर शिकंजा, 6 किलो से ज्यादा गांजा के साथ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर 8 मार्च 2026) राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना तेलीबांधा के टीआई अविनाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6.140 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला की पहचान माधुरी जैन उर्फ डॉली (37 वर्ष) निवासी सन्यासी पारा, थाना खमतराई के रूप में हुई है, जो खमतराई के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी बताई जा रही है। उदय जैन फिलहाल नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम कृष्ण साहू (18 वर्ष) है, जो उसी इलाके का निवासी है।

पुलिस को 7 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एक्टिवा में सवार महिला और युवक बैग में गांजा लेकर आरंग से रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही टीआई अविनाश सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ मिलकर तेलीबांधा क्षेत्र में किया कार शोरूम के सामने आरंग-रायपुर रिंग रोड पर नाकेबंदी कर दी।

कुछ समय बाद संदिग्ध एक्टिवा वहां पहुंची। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीआई अविनाश सिंह के नेतृत्व में मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बैग से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा भी जब्त कर ली है। जब्त गांजा और वाहन की कुल कीमत करीब 3 लाख 57 हजार रुपये आंकी गई है।

पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह की सक्रियता और रणनीतिक कार्रवाई के चलते पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने गांजा तस्करी के 17 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 191 किलो गांजा सहित 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!