रायपुर: छत्तीसगढ़ विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने आज रायपुर के विधायक पुरंदर मिश्रा का धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक मिश्रा ने सेवा काल के दौरान गंभीर बीमारी और 70% से अधिक विकलांगता से पीड़ित शिक्षकों और कर्मचारियों को घर पर वेतन दिलाने की पहल की है।
संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि 12 अप्रैल को संघ के पदाधिकारियों ने विधायक मिश्रा को मोहनलाल तांडेय (महासमुंद), उमेश साहू (गरियाबंद), और रविकांत धरड़े (सारंगढ़) के मामलों की जानकारी दी थी। उमेश साहू 82% और रविकांत 78% विकलांगता से पीड़ित हैं और वे बिस्तर से उठ भी नहीं सकते।
विधायक मिश्रा ने सचिव स्कूल शिक्षा से इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद मोहनलाल तांडेय के लिए आदेश जारी कर दिया गया है। वहीं, उमेश साहू और रविकांत धरड़े के मामलों में प्रक्रिया तेजी से पूरी कर आदेश जारी किए जाएंगे।
संघ के प्रतिनिधि मंडल में राजेश नायक, के.के. चंद्राकर, रमेश शर्मा, जिलाध्यक्ष गणेश चंद्राकर, और मंगल मूर्ति सोनी शामिल थे। विधायक मिश्रा ने शेष दिव्यांग कर्मियों के वेतन निरंतरता के लिए भी सचिव से चर्चा की है। संघ पदाधिकारियों ने विधायक मिश्रा को माला और बुके देकर उनके प्रयासों के प्रति आभार जताया।