बिलासपुर 11 मार्च 2026/बीती रात नोवा प्लांट में काम करने के दौरान पिघला आयरन गिरने से से 4 कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट के अंदर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में चारों कर्मचारी को इलाज के लिए निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। बिल्हा टीआई अवनीश पासवान ने बताया, अमेरी अखबरी स्थित नोवा प्लांट में 10 मार्च की रात कर्मचारी काम कर रहे थे। रात 1 बजे कर्मचारी पिघले आयरन को सांचा व लैडर में डाल रहे थे। इसी दौरान पिघला हुआ आयरन कर्मचारी नरेन्द्र कोसले भैसबोर्ड, चंद्रहंस भैसबोर्ड, धर्मवरी बिहार, विनय कुमार बिहार निवासी पर गिर गया, जिससे चारों कर्मचारी गंभीर रूप से जल गए। कर्मचारियों के जलने से प्लांट के अंदर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में प्लांट के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के मदद से चारों झुलसे कर्मचारियों को प्लांट के टाटा पंच क्रमांक सीजी 10 व्हीयू, 4351 से बिलासपुर प्रताप चौक स्थित एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां चारों कर्मचारियों का इलाज जारी है।
सुरक्षा में चूक हुई या लापरवाही
जब श्रमिक पिघले हुए लोहे के पास काम कर रहे थे तब उन्हें जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, इसके कारण ही चारों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ की है। घायल श्रमिकों की स्थिति ठीक होने पर उनका भी बयान लिया जाएगा। इससे पता चलेगा कि यह सुरक्षा में चूक का मामला है अथवा प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।


