
रायपुर, 15 फरवरी 2025 – सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 5 करोड़ से अधिक की ठगी करने के मामले में एक और आरोपी कपिल देशलहरे को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
65 से अधिक लोगों को बनाया शिकार
आरोपियों ने 65 से अधिक बेरोजगार युवाओं को शासकीय विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये ऐंठे। मामले की जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी थी।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
29 जनवरी 2025 को पीड़िता अंजना गहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2021 में जब वह अपने मौसा-मौसी देवेंद्र जोशी और झगीता जोशी के घर आई थी, तब उन्होंने सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया। उन्होंने खुद को बड़े अधिकारियों से जुड़ा बताया और अंजना सहित कई अन्य लोगों से 25-25 लाख रुपये लेकर नौकरी नहीं लगवाई।
अब तक 7 गिरफ्तार, 15 लाख रुपये होल्ड
मामले में पुलिस ने अब तक देवेंद्र जोशी, झगीता जोशी, स्वप्निल दुबे, नफीज आलम, हलधर बेहरा, सोमेश दुबे और अब कपिल देशलहरे को गिरफ्तार किया है। कपिल ने पूछताछ में फूड इंस्पेक्टर समेत अन्य पदों के लिए ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
जांच जारी
अब तक 25 से अधिक पीड़ितों की पहचान हो चुकी है और आरोपियों के बैंक खातों में से 15 लाख रुपये होल्ड कर लिए गए हैं। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- कपिल देशलहरे (45) – बालोद निवासी, वर्तमान में धमतरी में रह रहा था।
- देवेन्द्र कुमार जोशी (58) – रायपुर निवासी।
- झगीता जोशी (58) – रायपुर निवासी।
- स्वप्निल दुबे (44) – टिकरापारा, रायपुर निवासी।
- नफीज आलम (33) – कोरबा निवासी, वर्तमान में रायपुर में रह रहा था।
- हलधर बेहरा (31) – रायगढ़ निवासी।
- सोमेश दुबे (44) – गरियाबंद निवासी।
पुलिस मामले में आगे की जांच जारी रखे हुए है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है।