रायपुर, 19 जून 2025 राज्य के सरकारी अस्पतालों में मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध लगाने वाला स्वास्थ्य विभाग का आदेश अब इतिहास बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सख्त रुख के बाद सरकार ने इस विवादास्पद आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को हिदायत दी है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जो सामान्यतः अपने शांत और सहज स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं, इस मामले में अप्रत्याशित रूप से तीखे तेवरों में नजर आए। जैसे ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग के आदेश की जानकारी मिली, उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आदेश निरस्त करने का निर्देश दे दिया। साथ ही अधिकारियों को चेताया कि प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ी किसी भी तरह की अविवेकपूर्ण कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश जारी कर सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों की आवाजाही और रिपोर्टिंग पर कई प्रकार की पाबंदियाँ लगा दी थीं। आदेश के विरोध में पत्रकार संगठनों ने राज्यभर में मोर्चा खोल दिया था। रायपुर समेत विभिन्न जिलों में पत्रकारों ने प्रदर्शन किए, आदेश की प्रतियां जलाईं और मुख्यमंत्री से दखल देने की मांग की।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद आदेश को रद्द किए जाने से पत्रकार संगठनों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया और भरोसा जताया कि छत्तीसगढ़ में प्रेस की आज़ादी को हमेशा संरक्षण मिलेगा।