छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे 115 नगरीय निकायों में निर्मित ‘अटल परिसरों’ का लोकार्पण

फुंडहर चौक से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे प्रदेश के निकाय, 46.87 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण

रायपुर, 24 दिसंबर2025/देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निर्मित 115 अटल परिसरों का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 दिसंबर को रायपुर के फुंडहर चौक में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के नगरीय निकाय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने उच्च विश्रामगृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक साथ 115 अटल परिसरों के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया था, जिन्हें अब लोकार्पित किया जा रहा है।

अरूण साव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में भारत की विजय और स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क परियोजना जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के माध्यम से उन्होंने गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया।

उन्होंने बताया कि फुंडहर चौक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, राजेश मुणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इन्द्रकुमार साहू तथा रायपुर की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 12.30 बजे निर्धारित है।

उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि 115 अटल परिसरों के निर्माण पर कुल 46 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अंतर्गत 14 नगर निगमों में प्रति निगम 50 लाख रुपये, 56 नगरपालिकाओं में प्रति नगरपालिका 30 लाख रुपये तथा 122 नगर पंचायतों में प्रति पंचायत 20 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। कुल 192 नगरीय निकायों में यह कार्य किया गया।

https://youtu.be/WC85eYR_xkk?feature=shared

उन्होंने जानकारी दी कि विगत एक वर्ष में 60 नगरीय निकायों—3 नगर निगम, 25 नगरपालिका परिषद और 32 नगर पंचायतों में अटल परिसरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 10 नगर निगम, 29 नगरपालिका एवं 76 नगर पंचायतों में 27 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रगति पर है।

Related Articles

Back to top button