
बिलासपुर 10 मार्च 2026/अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में महुआ लहान बरामद किया है। घुटकु रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन को जब्त कर आबकारी विभाग की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट किया गया। दरअसल वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान कोनी पुलिस को 9 मार्च को सूचना मिली पहुंची और घुटकु स्टेशन पारा से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे लाइन किनारे तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लंबी घास और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरा हुआ करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। जब्त किए गए महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।


