सारंगढ़ में सर्व आदिवासी समाज ने निकाली रैली:शहीद वीर नारायण सिंह को किया याद, जिलाध्यक्ष बोले- 1857 की क्रांति में छत्तीसगढ़ का नाम दर्ज
सारंगढ़ में सर्व आदिवासी समाज ने अपने जननायक महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को याद करते हुए शहर में विशाल रैली निकाली। इस रैली में क्षेत्र के सभी आदिवासी समाज के महिला पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में लोगों ने शहादत को यादकर शहीद वीर नारायण सिंह अमर रहे और एक तीर एक कमान सभी आदिवासी एक समान जैसे नारे लगाए।
सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष रामनाथ सिदार ने कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में शहीद वीर नारायण सिंह ने अपना बलिदान देकर आदिवासी समुदाय और छत्तीसगढ़ का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा था। 1857 की क्रांति में पूरा देश भड़क रहा था। छत्तीसगढ़ में क्रांति की लौ एक आदिवासी राजा ने जलाई थी। ऐसे महान क्रांतिकारी को पूरा आदिवासी समाज नमन करता है।

छत्तीसगढ़ में अंग्रेजों को परेशान करने वाले शहीद वीर नारायण सिंह को 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जय स्तंभ चौक में फांसी पर लटका दिया था और उनके शव को तोप से उड़ा कर 10 दिनों तक चौक में लटकाए रखा था। अंग्रेजों के द्वारा किए गए इस नीच कार्य के बाद क्रांति की ज्वाला और भड़क गई थी।




